रेलवे ट्रैक पर फंसा ट्रक, 4 घंटे रूट बाधित: आसपुर देवसरा में नीमा गोपालपुर हाल्ट के पास दुर्घटना कर भाग रहा था चालक

रेलवे ट्रैक पर फंसा ट्रक, 4 घंटे रूट बाधित: आसपुर देवसरा में नीमा गोपालपुर हाल्ट के पास दुर्घटना कर भाग रहा था चालक

 

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

आसपुर देवसरा के नीमा गोपालपुर हाल्ट के पास एक ट्रक चालक ने दुर्घटना के बाद पकड़े जाने के डर से अपने ट्रक को रेलवे ट्रैक पर दौड़ा दिया। ट्रक लगभग 2 किलोमीटर तक ट्रैक पर चला और फिर गिट्टियों में फंस गया। इसके बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जिससे यह रूट करीब 4 घंटे तक बाधित रहा और कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। यह घटना सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढकवा पट्टी मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक नीमा गोपालपुर हाल्ट के समीप पहुंचा। कुछ लोग ट्रक का पीछा कर रहे थे, जिससे लग रहा था कि चालक किसी दुर्घटना के बाद भाग रहा था। हाल्ट के पास फाटक बंद था और सामने कुछ बड़े वाहन खड़े थे। भागने का कोई रास्ता न देखकर, चालक ने ट्रक को किनारे से उतारकर सीधे रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दिया। वह कोइरीपुर की तरफ करीब 2 किलोमीटर तक ट्रक को ट्रैक पर ही दौड़ाता रहा। अंततः, ट्रक गिट्टियों में फंस गया और आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद चालक ट्रक को ट्रैक पर ही छोड़कर भाग निकला। लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। नीमा गोपालपुर हाल्ट के गेटमैन विजेंद्र कुमार पटेल ने तत्काल इसकी सूचना कोइरीपुर रेलवे स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने तुरंत सीनियर सेक्शन इंजीनियर को मौके पर भेजा। जेसीबी की मदद से ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाया गया, जिसके बाद इस रूट पर यातायात बहाल हो सका। इस घटना के कारण लगभग तीन ट्रेनों के आवागमन में 4 घंटे का विलंब हुआ। कोइरीपुर रेलवे स्टेशन मास्टर रोहित यादव ने दोपहर करीब 12:30 बजे बताया कि ट्रक को ट्रैक से हटाकर सुल्तानपुर के जीआरपी सेंटर भेज दिया गया है। ट्रक पर दिल्ली का नंबर दर्ज है और उसके मालिक से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।