मोती नगर वार्ड में जलभराव से हाहाकार, सभासद ने ज्ञापन देकर उठाई नाला निर्माण की मांग
गंदे पानी से सड़क बनी दलदल, आवागमन ठप—नगर पालिका से तत्काल कार्रवाई की अपील
जनहित की अनदेखी पर नाराजगी, सभासद बोले—समस्या का शीघ्र हो समाधान
जितेंद्र पाठक
खलीलाबाद। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के मोती नगर वार्ड संख्या-13 में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर सभासद मो. असलम अंसारी ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर नाला निर्माण की मांग उठाई है। 18 मई 2026 को दिए गए इस ज्ञापन में वार्ड की बदहाल स्थिति का विस्तार से उल्लेख किया गया है।
सभासद ने बताया कि शिव कुमार के घर से लेकर शेरू कस्वे के पास तक गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। पक्के नाले के अभाव में पानी सड़क पर फैलकर दलदल जैसी स्थिति बना रहा है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है।
उन्होंने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि जलभराव के कारण पूरे मोहल्ले में गंदगी फैल रही है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
सभासद मो. असलम अंसारी ने अधिशासी अधिकारी से मांग की है कि जनहित को देखते हुए इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर नाला निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि वार्डवासियों को राहत मिल सके।
उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि ज्ञापन पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।