लखनऊ/बरेली। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने बरेली में कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.428 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग साढ़े आठ लाख रुपये बताई जा रही है।एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में लाला राम वर्मा पुत्र नेम चंद्र निवासी ग्राम भूणा थाना भमोरा जनपद बरेली, तौफीक खां पुत्र पुत्तन खां निवासी ग्राम भूणा थाना भमोरा बरेली तथा राकेश पुत्र तुलसी राम निवासी प्रेमराजपुर थाना भमोरा जनपद बरेली शामिल हैं।एसटीएफ टीम ने इन आरोपियों को जनपद बरेली के थाना सुभाष नगर क्षेत्र स्थित अंधी पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1.428 किलोग्राम अवैध अफीम और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सक्रिय अवैध मादक पदार्थ तस्करी गिरोहों के संबंध में सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में टीमों को अभिसूचना संकलन और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।सूचना के आधार पर 06 मई 2026 को उपनिरीक्षक हरीश सिंह चौहान के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से जाल बिछाकर तीनों तस्करों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से मिलकर अवैध रूप से अफीम खरीदने और बेचने का कारोबार कर रहे थे।आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न स्थानों से अफीम खरीदकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में सप्लाई करते थे। गिरोह के सदस्य आपस में मिलकर परिवहन, डिलीवरी और बिक्री की पूरी व्यवस्था संभालते थे तथा मुनाफे को आपस में बांट लेते थे।पूछताछ में यह भी सामने आया कि अफीम की सप्लाई बेहद गोपनीय तरीके से की जाती थी। आरोपी पंजाब के लुधियाना शहर स्थित सिंदाल चौक के पास पहुंचकर ग्राहकों का इंतजार करते थे। वहां संबंधित व्यक्ति खुद उनसे संपर्क करता था और 6 से 7 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से भुगतान कर माल लेकर चला जाता था। गिरोह पहचान और संपर्क को गुप्त रखने के लिए सीमित संवाद का इस्तेमाल करता था।
एसटीएफ की कार्रवाई के बाद थाना सुभाष नगर बरेली में मुकदमा संख्या 289/2026 धारा 8/18/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई नेटवर्क और मादक पदार्थों के स्रोत की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।