बस्ती में व्यापार मंडल की नई टीम घोषित, राकेश सिंह बने जिला अध्यक्ष

*बस्ती में व्यापार मंडल की नई टीम घोषित, राकेश सिंह बने जिला अध्यक्ष*

 

*होटल वीरा पैलेस में हुई अहम बैठक, सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का गठन*

 

*बस्ती, 6 मई।* उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश की बस्ती जिला इकाई का बहुप्रतीक्षित गठन मंगलवार देर रात संपन्न हो गया। शहर के होटल वीरा पैलेस में आयोजित बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीत पांडे ने की, जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष परमात्मा मद्धेशिया और डॉ. हरिमूर्ति सिंह ‘मनोज’ ने सर्वसम्मति से पदाधिकारियों के नामों पर मुहर लगाई। प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के निर्देश पर जिला इकाई के गठन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसके तहत यह प्रक्रिया पूरी की गई। पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए डॉ. हरिमूर्ति सिंह ‘मनोज’ ने कहा कि सभी मनोनीत सदस्यों को उनके संगठनात्मक अनुभव और व्यापारी हित में किए गए कार्यों को देखते हुए जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएगी। नई कार्यकारिणी में राकेश कुमार सिंह को जिला अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आलोक दुबे को जिला महामंत्री और भारत राम गुप्ता ‘बबलू’ को जिला संगठन महामंत्री बनाया गया है। इसके अलावा प्रदीप सिंह को जिला कोषाध्यक्ष, राणा महेंद्र प्रताप चौधरी को नगर अध्यक्ष, धीरेंद्र कुमार चौधरी को नगर महामंत्री, महेंद्र गुप्ता को नगर संगठन महामंत्री तथा ओमप्रकाश वर्मा को नगर कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों में भी पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। कमलेश चौधरी को जिला उद्योग मंच का अध्यक्ष, अवनीश कुमार सिंह को युवा मोर्चा अध्यक्ष, सत्य प्रकाश द्विवेदी को युवा महामंत्री, रणधीर सिंह को युवा संगठन महामंत्री, वंदना वर्मा को महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष और संध्या गोस्वामी को नगर महिला मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया। अन्य पदों पर भी कई कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष परमात्मा मद्धेशिया ने नव मनोनीत पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि 30 मई तक व्यापारी सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शपथ ग्रहण के बाद ही मनोनयन प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी कार्यक्रम के अंत में विवेक सिंह, जितेंद्र सिंह ‘गुड्डू अखिलेश सिंह ‘शिवा’, राजेश सिंह, रोशन अली और इंद्रमणि पांडे समेत अन्य उपस्थित लोगों ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे संगठन की मजबूती और व्यापारी हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।