सेवा समर्पण भाव परिवार टीम ने उठाई दो बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी क्षेत्र में हो रही सराहना
शक्ति शरण उपाध्याय
बस्ती । बस्ती जनपद में जनसेवा के क्षेत्र में सेवा समर्पण भाव परिवार ने दो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी उठाकर सामाजिक संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। संस्था के सेवादारों ने दिलीप पांडेय की पहल पर वर्षों से समाजसेवा के विभिन्न कार्यों के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। टीम मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों के रेस्क्यू, घायल पशु-पक्षियों के उपचार तथा जरूरतमंदों के लिए रक्त उपलब्ध कराने जैसे कार्य लगातार करती रही है, जिससे संस्था को व्यापक सामाजिक सराहना मिल रही है।
जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के हरैया क्षेत्र स्थित मुईली गांव के दो परिवारों की बेटियों के विवाह हेतु बैंक में जमा धनराशि एक सीएसपी संचालक द्वारा लेकर फरार हो जाने से परिवार गंभीर आर्थिक संकट में आ गए थे।स्थिति की जानकारी मिलते ही दिलीप पांडेय ने तत्काल परिवारों से संपर्क कर दोनों बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी स्वयं संभाली।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 21 अप्रैल 2026 को सपना निषाद तथा 3 मई 2026 को अर्चना का विवाह सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। संस्था द्वारा दोनों विवाहों में आर्थिक सहयोग के साथ जलपान, वस्त्र एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। यह सराहनीय पहल न केवल सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि समाज के अन्य वर्गों को भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करती है।
इस पुनीत कार्य में शक्ति शरण उपाध्याय उमंग पांडेय, कुलदीप तिवारी, परमानंद द्विवेदी, आशीष गुप्ता, गौरव पांडेय, प्रशांत त्रिपाठी, सौरभ पांडेय सहित टीम के अन्य सेवादारों का विशेष योगदान रहा।