किन्नर बनकर महिलाओं से लूट करने वाला गिरोह गिरफ्तार, सीसीटीवी खंगालकर पुलिस ने किया खुलासा

लखनऊ राजधानी के थाना बिजनौर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं से झपट्टा मारकर मंगलसूत्र और कान की बालियां लूटने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवरात और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार भी बरामद की है।प्रकरण के अनुसार 04 मई 2026 को वादिनी की तहरीर पर थाना बिजनौर में मु0अ0सं0-118/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत अज्ञात किन्नरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि सुबह के समय मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं से कार सवार किन्नरों ने झपट्टा मारकर मंगलसूत्र और कान की बालियां छीन ली थीं।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी लखनऊ के निर्देशन में कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सघन जांच के बाद आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद 05 मई 2026 को अलीनगर खुर्द अंडरपास के पास से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार अभियुक्तों में अजय रावत उर्फ रानी किन्नर (23 वर्ष), आकाश गुप्ता उर्फ कमौलिका उर्फ कम्मो (24 वर्ष) तथा रफीक अहमद (44 वर्ष) शामिल हैं, जबकि अन्नू नामक एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे किन्नर होने का फायदा उठाकर महिलाओं को निशाना बनाते थे। पहले घर में शादी होने का बहाना बनाकर पैसे मांगते थे और पैसा न मिलने पर अशोभनीय हरकतें कर दबाव बनाते थे। इसके बाद महिलाओं को डरा-धमकाकर उनके पहने हुए जेवर छीनकर फरार हो जाते थे। कई मामलों में विरोध करने पर मारपीट भी करते थे।घटना के दिन भी आरोपी वैगनआर कार से निकले थे और सुबह करीब 6 बजे बिजनौर कस्बे में सड़क किनारे टहल रही दो महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले का मंगलसूत्र और कान की बालियां छीन ली थीं। लूट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे और बाद में लूटे गए जेवर आपस में बांट लिए थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी कान की बालियां और घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर ली है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना बिजनौर के प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम सहित उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह, तेजवीर सिंह, प्रदीप कुमार, गजय सिंह, महिला कांस्टेबल पूजा तथा कांस्टेबल दिनेश चौरसिया और संजय कुमार शामिल रहे।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और गिरोह के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।