नाबालिग किशोरी लापता, तीन के खिलाफ अपहरण का केस: पिता की तहरीर पर संग्रामगढ़ पुलिस ने जांच शुरू की
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के एक युवक सहित तीन लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में पिता ने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 3 मई की सुबह करीब चार बजे घर से गायब हो गई। उन्होंने आरोप लगाया है कि गांव का ही एक युवक अपने भाई और अन्य परिजनों की मदद से उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। घटना के बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में किशोरी की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपी युवक का मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है, जिससे उसकी लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं और बेटी की जल्द बरामदगी की मांग कर रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संग्रामगढ़ पुलिस ने आरोपी युवक, उसके भाई और अन्य सहयोगियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी के अनुसार, किशोरी की तलाश के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद करने का प्रयास कर रही है।