*कलश यात्रा के साथ भागवत कथा शुरू*
कुंडा/बाघराय। क्षेत्र के महाराजपुर ग्रामसभा में भूपेंद्र तिवारी के आवास पर आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों और जयकारों के बीच निकली इस यात्रा ने माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
कलश यात्रा में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश रखकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं सुसज्जित रथ पर भगवान की मनोहारी झांकी आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा महाराजपुर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए मां चामुंडा देवी धाम पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ इसका समापन किया गया।
वृंदावन से पधारे कथा व्यास आचार्य आदित्य कृष्ण महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालु सात दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करेंगे। इस धार्मिक आयोजन के यजमान बैजनाथ तिवारी एवं मुन्नी देवी हैं।
आयोजकों के अनुसार कथा के दौरान प्रतिदिन प्रवचन, भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
कार्यक्रम में भूपेंद्र तिवारी, शिवम पांडेय, लवलेश शुक्ला, संदीप त्रिपाठी, रवि तिवारी, गगन, शुभम, राकेश पांडेय, रमन पांडेय, राहुल तिवारी सहित अन्य ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से कथा में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।