मगहर में बहू-बेटी सम्मेलन, महिला व बाल सुरक्षा पर जोर

मगहर में बहू-बेटी सम्मेलन, महिला व बाल सुरक्षा पर जोर

 

संवेदनशीलता व त्वरित कार्रवाई के निर्देश, पुलिस को दी गई विशेष ट्रेनिंग

 

यूनिसेफ कार्यशाला में अधिकारियों ने साझा की रणनीति, जागरूकता पर बल

 

जितेन्द्र पाठक

 

खलीलाबाद/संतकबीरनगर।

मगहर प्रेक्षागृह में यूनिसेफ द्वारा आयोजित बहू-बेटी सम्मेलन के तहत एक दिवसीय जिलास्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें डीआईजी बस्ती संजीव त्यागी ने प्रतिभाग कर महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी आलोक कुमार व पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, जागरूकता बढ़ाना और पुलिस की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।

डीआईजी ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि महिलाओं व बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। घरेलू हिंसा, बाल विवाह, लैंगिक आधारित हिंसा जैसे मामलों में तत्काल विधिक कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को हर संभव सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन व अन्य सुरक्षा सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर देते हुए कहा कि नियमित जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक वातावरण बनाया जा सकता है। साथ ही विभिन्न विभागों के समन्वय से संवेदनशील मामलों का प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।