• कुदरहा, परमेश्वरपुर व गायघाट समिति पर नही है डीएपी व यूरिया
• सचिव के डिमांड के एक माह बाद भी नही पहुचा खाद
कुदरहा, बस्ती। डीएपी व यूरिया किसानों के लिये फिर मुसिबत बन गया है। किसान गन्ने की बुआई के लिये समितियों का चक्कर लगा रहे है। इतना ही नही यूरिया के भी लाले पड़ गए। थक हार मजबूरन किसान प्राइवेट दुकान पर अधिक रुपया दे कर बुवाई करा रहा है।
ब्लाक परिसर में स्थापित साधन सहकारी समिति कुदरहा पर डीएपी व यूरिया खाद नही है। यही हाल साधन सहकारी समिति परमेश्वरपुर व गायघाट का है।
किसान अजय पाल, अशोक यादव, रामप्रताप, मिठाई लाल यादव, दीनानाथ, बाबूराम, राम प्रकट उपाध्याय, दिवाकर चौधरी, सुनील चौधरी, राम शंकर, प्रदीप चौधरी, मायाराम चौरसिया सहित तमाम किसानों ने बताया कि गन्ने की बुवाई चल रही है। डीएपी के लिये समित पर प्रतिदिन दौड़ रहा हूं, लेकिन यूरिया व डीएपी खाद दोनों नही मिल पा रहा है। सचिव साहब आश्वासन तो दे रहे हैं लेकिन जिले से ही खाद अभी नहीं आया। लोगो ने बताया कि बाजार में 1650 रूपये की डीएपी और 360 का यूरिया मिल रहा है। मजबूरन बाजार से लेना पड़ रहा है। यदि समय से खाद मिल जाता तो अधिक रुपया नही देना पड़ता। यदि समय से डीएपी और यूरिया मिला होता तो किसानों को इसका दंश झेलना नही पड़ता।
इस संबंध में सचिव रामकुमार पाल ने बताया कि डीएपी व यूरिया खाद का डिमांड अप्रैल माह में ही किया गया है। विभाग द्वारा अभी खाद नहीं मिला है। उठान होते ही वितरण कराया जाएगा।