प्रतापगढ़ में युवती से दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला: मुख्य आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित, SOG, स्पेशल टीम और स्थानीय पुलिस की दबिश तेज

प्रतापगढ़ में युवती से दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला: मुख्य आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित, SOG, स्पेशल टीम और स्थानीय पुलिस की दबिश तेज

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ में 19 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले ने पूरे जिले को दहला दिया है। इस गंभीर मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शुभम सोनकर पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एसपी के निर्देश पर SOG, स्पेशल टीम और स्थानीय थाना पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है, लेकिन घटना के दो दिन बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

घटना कैसे हुई

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात युवती अपने नाबालिग प्रेमी से मिलने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि उसी दौरान उसे बाग में ले जाकर दुष्कर्म किया गया और बाद में उसकी हत्या कर शव को आम के पेड़ से लटका दिया गया। इस मामले में कुल तीन लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने नाबालिग प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी शुभम सोनकर अभी फरार है।

प्रेम संबंध और कॉल डिटेल से खुलासा

पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती और नाबालिग के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि युवती अपने पिता के मोबाइल से उससे संपर्क करती थी और घटना वाली रात 9 बजे से 11 बजे के बीच 9 बार कॉल भी की गई थी। इन्हीं कॉल्स के आधार पर उसे आधी रात को बाग में बुलाया गया, जहां इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस का बयान

एसपी दीपक भूकर ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। एसपी ने स्पष्ट किया कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।