सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का बड़ा बयान: बोले- अपनी जमीन तलाश रहे संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर।
सहजनवा में सपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष केडी यादव के नेतृत्व में हुआ प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत
जितेन्द्र पाठक
#गोरखपुर। गोरखपुर दौरे पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का सहजनवा स्थित हवेली रेस्टोरेंट में संतकबीरनगर के सपा वरिष्ठ उपाध्यक्ष केडी यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्यामलाल पाल ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी की रणनीति और संगठन की तैयारियों पर बात की। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर पर साधा निशाना
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि दोनों नेता उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने में लगे हैं।
श्यामलाल पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के मुद्दे को लेकर समाज के हर वर्ग तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उनके मुताबिक पार्टी का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के हितों और उनकी हिस्सेदारी की बात को प्रमुखता से उठाना है।
सरकार पर लगाए कई आरोप
प्रदेश अध्यक्ष ने मौजूदा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई, शिक्षा और अन्य मुद्दों को लेकर आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का काम कर रही है तथा शिक्षा के क्षेत्र में भी लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों और जनहित की योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएगी। उनका कहना था कि पार्टी 2027 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन को मजबूत कर रही है।
केडी यादव बोले- पीडीए सरकार बनने पर लागू होंगी कई योजनाएं
सपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष केडी यादव ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा और बिजली सहित कई क्षेत्रों में जनहित की योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने के बाद केजी से पीजी तक बेटियों की मुफ्त शिक्षा और 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली जैसी घोषणाओं को प्रमुखता से जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़ा, ओबीसी और सामान्य वर्ग समेत समाज के सभी वर्गों की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की दिशा में पार्टी काम करेगी।
कार्यक्रम के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का स्वागत करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का संकल्प लिया।