सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मनी विश्वकर्मा जयंती
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान विश्वकर्मा का पूजन, सैकड़ों वाहनों की उतारी गई आरती
डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी के नेतृत्व में हुआ भव्य आयोजन, सुरक्षा और प्रगति की कामना
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खलीलाबाद में भगवान विश्वकर्मा की जयंती श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य पूजा-अर्चना कार्यक्रम में भगवान विश्वकर्मा का विधि-विधान से पूजन कर संस्था की निरंतर प्रगति, समृद्धि और विद्यार्थियों व कर्मचारियों की सुरक्षा की कामना की गई। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी के नेतृत्व में हुआ।
पूजा कार्यक्रम में विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान विश्वकर्मा का आह्वान कर विधिवत पूजन-अर्चन कराया। इसके बाद विद्यालय के बेड़े में शामिल सैकड़ों बसों, वैन और अन्य वाहनों का पूजन किया गया। वाहनों पर तिलक लगाकर फूल-मालाएं चढ़ाई गईं तथा आरती उतारकर उनके सुरक्षित एवं मंगलमय संचालन की प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृजन, निर्माण और तकनीक का देवता माना जाता है। विश्वकर्मा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि निर्माण, तकनीकी दक्षता और निरंतर प्रगति के प्रति समर्पण का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार की सुख-समृद्धि, संस्था की उन्नति तथा सभी विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा की कामना के साथ यह आयोजन किया गया है।
पूजा-अर्चना के उपरांत विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और उपस्थित गणमान्य लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे विद्यालय परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और भक्ति के बीच उत्सव जैसा माहौल बना रहा।