जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न विकासपरक योजनाओं की योजनावार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं में प्रगति को निरंतर बेहतर बनाया जाए तथा कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को शासन के मंशानुसार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं से आच्छादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से एंबुलेंस सेवाओं के रिस्पांस टाइम में और सुधार लाने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना के प्रगति में सुधार लाने और इसके अंतर्गत लाभार्थियों को शत-प्रतिशत भुगतान समय से सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर संस्थागत प्रसव की स्थिति में सुधार लाने व रेफरल रेट में कमी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित चिकित्सालयों में प्रसव से संबंधित समस्त सुविधाओ की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी चिकित्सालयों में शासन के मंशानुसार बेहतर से बेहतर चिकित्सीय सुविधायें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। दुग्ध समितियों के गठन को लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण करने तथा निष्क्रिय समितियों का पुनर्गठन कर उन्हें पुनः क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। फैमिली आईडी के कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने और जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने हेतु भी आवश्यक कदम उठाने को कहा।
बैठक में उन्होंने गौशालाओं में गर्मी एवं लू से बचाव हेतु प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा सुपुर्दगी योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक गोवंशों को पशुपालकों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा के कार्यों में और प्रगति लाने तथा इसके अंतर्गत चकमार्गों पटाई, तालाब निर्माण आदि कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने पर्यटन सहित विभिन्न विभागों के अंतर्गत निर्माणाधीन परियोजनाओं को आगणन की विशिष्टियों के अनुरूप पूरी गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित कर योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत अपूर्ण आवासों से संबंधित लाभार्थियों से समन्वय स्थापित कर उन्हें पूरा कराए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं यथा–पेंशन योजनाओं, ऑपरेशन कायाकल्प, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पशु टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, सुपुर्दगी योजना, छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मत्स्य उत्पादन, विद्युत आपूर्ति, ड्रिप इरीगेशन, पर ड्रॉप मोर क्रॉप, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, बीज वितरण आदि के प्रगति की गहन समीक्षा की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय कुमार शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी, ट्रेनी आईएएस थनीगयारासन टी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, उप निदेशक कृषि, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।