98.10 पर्सेंटेज के साथ प्रणव मिश्रा ने रचा सफलता का इतिहास, विद्यालय परिवार गौरवान्वित
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। इंडियन पब्लिक स्कूल, बस्ती के मेधावी छात्र प्रणव मिश्रा ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन में 98.10 परसेंटाइल हासिल कर विद्यालय, परिवार और जनपद का नाम रोशन किया है। जैसे ही यह परिणाम घोषित हुआ, विद्यालय परिसर में खुशी और गर्व का माहौल छा गया। शिक्षकों, अभिभावकों और सहपाठियों ने प्रणव की इस उपलब्धि को एक बड़ी सफलता बताते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्रबंधक कैलाशनाथ दूबे, प्रधानाचार्य आर. के. उस्मानी, सुभाष चंद्रा तथा उपप्रधानाचार्य रत्नेश मिश्रा ने संयुक्त रूप से प्रणव को बधाई देते हुए कहा कि वह शुरू से ही एक अनुशासित, मेहनती और प्रतिभाशाली छात्र रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धि अचानक नहीं मिलती, बल्कि इसके पीछे निरंतर परिश्रम, समर्पण और लक्ष्य के प्रति दृढ़ निष्ठा होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रणव आगामी जेईई-एडवांस परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई ऊंचाइयों को छुएगा।
विद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि को पूरे संस्थान के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि प्रणव की सफलता अन्य छात्रों के लिए मार्गदर्शक का कार्य करेगी और उन्हें भी कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित करेगी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण—प्रेम कुमार श्रीवास्तव, विनोद उपाध्याय, प्रदीप शुक्ला, अलका श्रीवास्तव, मनीषा बरनवाल, साजिदा खातून, रीना त्रिपाठी, गरिमा त्रिपाठी, सौरभ श्रीवास्तव, कृपाशंकर भट्ट, हर्षित मिश्रा, नितिन चावला, रानी अग्रहरि, स्नेहा मिश्रा, रिमझिम गुप्ता, ज्योत्स्ना पांडेय और श्रेया गुप्ता ने भी खुशी व्यक्त करते हुए प्रणव को बधाई दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह उपलब्धि न केवल प्रणव के लिए, बल्कि पूरे बस्ती जनपद के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में प्रणव मिश्रा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का नाम भी रोशन करेगा।