बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा आरुषि श्रीवास्तव ने हाईस्कूल में जिले में पाया 8वां स्थान

बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा आरुषि श्रीवास्तव ने हाईस्कूल में जिले में पाया 8वां स्थान

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा आरुषि श्रीवास्तव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में 8वां स्थान प्राप्त कर विद्यालय और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया और शिक्षकों तथा छात्राओं ने आरुषि को बधाई देकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय की प्रधानाचार्य मुस्लिमा खातून ने बताया कि आरुषि श्रीवास्तव शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। पढ़ाई के प्रति उनकी लगन और अनुशासन ने उन्हें यह मुकाम दिलाया है। उन्होंने कहा कि आरुषि केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि विद्यालय द्वारा आयोजित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रही हैं और हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी इसी बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें अन्य छात्राओं से अलग पहचान दिलाई।

प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि आरुषि के पिता एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने आरुषि की पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल आरुषि की नहीं, बल्कि उसके परिवार, शिक्षकों और विद्यालय के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है।

विद्यालय के परीक्षा परिणाम की जानकारी देते हुए मुस्लिमा खातून ने बताया कि इस वर्ष भी विद्यालय की छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। करीब 83 प्रतिशत अंक छात्राओं द्वारा अर्जित किए गए हैं, जो विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी सफल छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि असफल रहने वाली छात्राएं निराश न हों, बल्कि अपनी कमजोरियों को पहचानकर आगे और बेहतर करने का प्रयास करें।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने भी आरुषि की मेहनत, लगन और सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि आरुषि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उसकी उपलब्धि आने वाले वर्षों में भी छात्राओं को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। विद्यालय प्रबंधन ने आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी यहां की छात्राएं इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।