उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस

उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस

 

हिंदी हमारी संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय एकता की पहचान : विनय शुक्ला

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में हिंदी दिवस के अवसर पर विविध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान एवं गौरव की भावना विकसित करना रहा।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनय शुक्ला ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय एकता की पहचान है। आधुनिक एवं तकनीकी युग में भी हिंदी का महत्व निरंतर बढ़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया।

 

प्रधानाचार्या श्रीमती शशि प्रभा त्रिपाठी ने कहा कि भाषा व्यक्ति के विचारों एवं भावनाओं को व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। हिंदी हमारी समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत की संवाहक है। विद्यार्थियों को हिंदी पढ़ने, लिखने और बोलने में गर्व महसूस करना चाहिए।

 

इस अवसर पर प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकों ने भी हिंदी दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने भाषण, कविता पाठ एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी भाषा की समृद्धि और उपयोगिता को प्रदर्शित किया। प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने हिंदी भाषा के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।