हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का खुलासा, दो गिरफ्तार

हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का खुलासा, दो गिरफ्तार

 

दो बाल अपचारी भी पुलिस संरक्षण में, 50 लीटर डीजल व घटना में प्रयुक्त वैन्यू कार बरामद

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। छावनी पुलिस ने हाईवे के किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की वैन्यू कार तथा पांच नीले प्लास्टिक के जरिकैन में करीब 50 लीटर चोरी का डीजल बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार 13 सितंबर की रात रमघटिया सड़क किनारे खड़े ट्रक से डीजल चोरी की सूचना पर थाना छावनी में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी हरैया स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक छावनी राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 14 सितंबर को तड़के करीब 3:25 बजे मझौवा दूबे के पास से आदर्श वर्मा निवासी जुंवागांव, थाना भीटी, जनपद अम्बेडकरनगर तथा लवकुश चौहान निवासी गौहनिया, थाना गोसाईंगंज, जनपद अयोध्या को गिरफ्तार किया। इनके साथ दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया गया।

ऐसे करते थे डीजल चोरी

पुलिस के मुताबिक आरोपी चार पहिया वाहन पर राजनीतिक पार्टी का झंडा लगाकर हाईवे के किनारे खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। भोर के समय जब ट्रक चालक नींद में रहते थे, उसी दौरान पाइप आदि की मदद से वाहनों से डीजल निकालकर जरिकैन में भर लेते थे। इसके बाद चोरी किए गए डीजल को बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांटकर अपने शौक और खान-पान पर खर्च करते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने कुछ दिन पूर्व कलवारी-टांडा रोड से भी इसी वाहन से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह बस्ती, अयोध्या और अम्बेडकरनगर सहित अन्य जनपदों में भी ऐसी घटनाओं को अंजाम देता था।

गिरफ्तार आदर्श वर्मा के विरुद्ध अम्बेडकरनगर जनपद के विभिन्न थानों में लूट, आर्म्स एक्ट, मारपीट व धमकी सहित छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं लवकुश चौहान के विरुद्ध अयोध्या के गोसाईंगंज थाने में डीजल चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राधारमण यादव, उपनिरीक्षक रामकुमार पासवान, हेड कांस्टेबल फयानाथ भास्कर तथा कांस्टेबल राजीव रंजन, सौरभ सिंह और अजीतनाथ शुक्ला शामिल रहे।