24 अप्रैल से शुरू होगा 11वीं का नया सत्र, सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तैयारियां पूरी

24 अप्रैल से शुरू होगा 11वीं का नया सत्र, सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तैयारियां पूरी

 

नए छात्रों को मिलेगा मुफ्त टैबलेट, डिजिटल शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

 

प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में, अभिभावकों-छात्रों से जल्द नामांकन की अपील

 

जितेन्द्र पाठक

 

 

संतकबीरनगर: जनपद के प्रतिष्ठित एवं अग्रणी शिक्षण संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खलीलाबाद में नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां जोर-शोर से पूरी कर ली गई हैं। विद्यालय प्रबंधन ने घोषणा की है कि कक्षा 11 (फर्स्ट ईयर) की नियमित कक्षाएं 24 अप्रैल से शुरू हो जाएंगी।

सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद संस्थान अब उच्च शिक्षा के स्तर पर भी नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इसी क्रम में नए सत्र के लिए रजिस्ट्रेशन और प्रवेश प्रक्रिया तेजी से जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक पहुंचकर नामांकन करा रहे हैं।

 

विद्यालय की विशेष पहल के तहत इस वर्ष कक्षा 11 में प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थियों को निशुल्क टैबलेट प्रदान किया जाएगा। इस कदम का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक एवं डिजिटल शिक्षा से जोड़ना है, ताकि वे तकनीकी रूप से सशक्त बन सकें।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने बताया कि संस्थान का संचालन 2 अप्रैल से सुचारू रूप से जारी है तथा प्रवेश प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने अभिभावकों एवं छात्रों से अपील की है कि जो विद्यार्थी अभी तक नामांकन नहीं करा पाए हैं, वे जल्द से जल्द प्रवेश सुनिश्चित कर लें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 24 अप्रैल से कक्षाएं अनिवार्य रूप से प्रारंभ हो जाएंगी, इसलिए समय से प्रवेश लेना आवश्यक है, ताकि छात्र सत्र के पहले दिन से ही नियमित पढ़ाई शुरू कर सकें।