सीबीएसई हाईस्कूल में एसआर इंटरनेशनल एकेडमी का शानदार प्रदर्शन, 100% रहा रिजल्ट
मेधावी छात्रों को एमडी राकेश चतुर्वेदी ने मिठाई खिलाकर बढ़ाया उत्साह
शिक्षकों के मार्गदर्शन और मेहनत से छात्रों ने रचा सफलता का नया केवल
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर नाथनगर। सीबीएसई हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में एसआर इंटरनेशनल एकेडमी, नाथनगर के छात्रों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसमें अधिकांश छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत के आसपास अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
बुधवार देर शाम जैसे ही सीबीएसई बोर्ड का परिणाम घोषित हुआ, छात्रों में अपने परिणाम जानने को लेकर उत्साह देखने को मिला। परिणाम आते ही एसआर इंटरनेशनल एकेडमी के छात्रों की सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया।
बृहस्पतिवार को आयोजित सम्मान समारोह में संस्थान के एमडी एवं पूर्व प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने मेधावी छात्र-छात्राओं को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर मनोज पांडेय तथा प्रिंसिपल दुर्गेश गोस्वामी भी उपस्थित रहे।
एमडी राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान के छात्र हर वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी छात्र कठिन परिश्रम और लगन से नई ऊंचाइयों को छुएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं और अनुभवी शिक्षक छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर मनोज पांडेय ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में छात्र निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, उन्होंने उन छात्रों का भी हौसला बढ़ाया जो अपेक्षित अंक प्राप्त नहीं कर सके, और उन्हें भविष्य में और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, प्रिंसिपल दुर्गेश गोस्वामी, वरिष्ठ शिक्षक हरिश्चंद्र यादव एवं प्रेम प्रकाश पांडेय सहित अन्य शिक्षकों ने भी सभी सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।