लखनऊ,। राजधानी के बंथरा थाना क्षेत्र में सगे भाई द्वारा भाई की निर्मम हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शराब के नशे में हुए आपसी विवाद के बाद आरोपी ने सोते समय अपने भाई के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आलाकत्ल बरामद कर लिया है।पुलिस के अनुसार आज दिनांक 30.03.2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम खांडे देव में एक व्यक्ति को चाकू मार दिया गया है। सूचना मिलते ही थाना बंथरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारम्भिक जांच के दौरान सामने आया कि ग्राम खांडे देव थाना बंथरा निवासी गोलू उर्फ आलोक पुत्र स्वर्गीय पुत्तीलाल उम्र लगभग 24 वर्ष की हत्या उसके ही सगे भाई सरवन द्वारा की गई है।जांच में पता चला कि मृतक गोलू उर्फ आलोक और आरोपी सरवन के बीच बीती शाम लगभग 09:30 बजे शराब के नशे में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद गोलू उर्फ आलोक अपने घर में सो गया था। इसी दौरान आरोपी सरवन ने सोते समय उसके सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की माता जशोदा देवी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना बंथरा में मु0अ0सं0 84/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत आरोपी सरवन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपी सरवन को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक एवं अन्य विवेचनात्मक कार्यवाही की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।