मुख्य अतिथि डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी की मौजूदगी में एसआर इंटरनेशनल एकेडमी का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, रैंकर्स पर पुरस्कारों की बौछार
नौनिहालों की सफलता से खिले अभिभावकों के चेहरे, अतिथियों ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
नए सत्र में आधुनिक शिक्षण प्रणाली की झलक, 2 अप्रैल से कक्षाएं शुरू होंगी
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर।जिले के दक्षिणांचल स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एसआर इंटरनेशनल एकेडमी, नाथनगर में शनिवार को शैक्षणिक सत्र 2025-2026 का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। परिणाम घोषणा के साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं पर प्रबंधन की ओर से आकर्षक पुरस्कारों की बौछार की गई, जिससे नौनिहालों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी और अभिभावक भी गर्व से खिल उठे।
संस्थान द्वारा कक्षा 6 से 11वीं तक के टॉप रैंकर्स (बालक एवं बालिका वर्ग) को साइकिलें प्रदान की गईं, जबकि नर्सरी से कक्षा 5 तक के जूनियर रैंकर्स को हैंड वॉच, वॉल वॉच और टिफिन बॉक्स देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन का भी आयोजन हुआ, जिसमें अभिभावकों ने अपने बच्चों की प्रगति रिपोर्ट देखकर संतोष व्यक्त किया और शिक्षकों से शैक्षणिक उन्नयन पर चर्चा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के इन प्रतिभाशाली छात्रों ने कड़ी मेहनत और समर्पण से सफलता हासिल की है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि नए शैक्षणिक सत्र में और बेहतर परिणाम के लिए अभी से लक्ष्य निर्धारित करें। विशिष्ट अतिथि एवं संस्थान के एमडी राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि आगामी सत्र में संस्थान की शिक्षण प्रणाली नए कलेवर में नजर आएगी और संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
सहायक प्रबंधक मनोज कुमार पांडेय ने छात्रों को बधाई देते हुए 2 अप्रैल तक नामांकन सुनिश्चित कराने की अपील की और बताया कि इसी दिन से नए सत्र की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। प्रिंसिपल दुर्गेश गोस्वामी ने रैंकर्स को बधाई दी तथा अन्य छात्रों को और अधिक मेहनत के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी, एमडी राकेश चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, पीजी कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, असिस्टेंट डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय और प्रधानाचार्य दुर्गेश गोस्वामी ने मां सरस्वती एवं संस्थापक स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक हरिश्चंद्र यादव ने किया। इस अवसर पर मायाराम पाठक, प्रेम प्रकाश पांडेय, कृष्णा मिश्रा, महेंद्र चौधरी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रैंकर्स की सूची (साइकिल पुरस्कार विजेता):
कक्षा 6: अर्पिता यादव, आस्था पटेल, प्रांजल प्रताप पाल, अनुपम चौरसिया
कक्षा 7: अनुष्का यादव, लवी यादव, प्रवीण उपाध्याय, प्रिंस चौधरी
कक्षा 8: अंशिका गोस्वामी, नूपुर साहू, अंकित मौर्य, अखंड शुक्ला
कक्षा 9: अंशिका मद्धेशिया, अमृता त्रिपाठी, सुदिक्षा, सिया गोस्वामी, अभिनव कुमार, आदर्श (पुत्र विनोद कुमार)
कक्षा 11: रागिनी, पूजा चौरसिया, आलोक, अनुराग चौरसिया
सभी रैंकर्स को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए साइकिल देकर सम्मानित किया गया।