खलीलाबाद कोतवाली में मिशन शक्ति केंद्र व भोजनालय का  उद्घाटन, डीएम-एसपी ने दिए अहम निर्देश

खलीलाबाद कोतवाली में मिशन शक्ति केंद्र व भोजनालय का

उद्घाटन, डीएम-एसपी ने दिए अहम निर्देश

 

 

फीता काटकर किया शुभारंभ, भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर जोर

 

जितेन्द्र पाठक

 

संत कबीर नगर में जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने थाना कोतवाली खलीलाबाद में नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र व भोजनालय का संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान अधिकारियों ने मेस की स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन मिलना बेहद आवश्यक है।

महिला सुरक्षा पर विशेष जोर, मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण

उद्घाटन के पश्चात अधिकारियों ने मिशन शक्ति केंद्र, मालखाना और अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया। ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों से संवाद करते हुए निर्देश दिया गया कि थाने पर आने वाली पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। साथ ही मिशन शक्ति अभियान के तहत गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति लगातार जागरूक करने पर बल दिया गया।

ग्राम प्रहरियों के साथ गोष्ठी, अंगवस्त्र व टार्च का वितरण

कार्यक्रम के अंत में थाना परिसर में ग्राम प्रहरियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के सभी ग्राम चौकीदार उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों को पुलिस और जनता के बीच मजबूत कड़ी बताते हुए उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी-छोटी सूचनाएं समय पर मिलना कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायक होता है। इस अवसर पर ग्राम प्रहरियों को अंगवस्त्र और टार्च वितरित किए गए।