आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया गया श्रीराम-जन्मोत्सव व माँ दुर्गे का पावन पूजनोत्सव

आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया गया श्रीराम-जन्मोत्सव व माँ दुर्गे का पावन पूजनोत्सव

 

बस्ती । लिटिल फ्लावर्स स्कूल मधुपुरम् वाल्टरगंज बस्ती में चैत्र राम नवमी के पावन पर्व पर श्रद्धा-भक्ति व हर्षोल्लास के साथ माँ दुर्गे की पावन स्तुति व श्री राम जन्मोत्सव का कार्य क्रम भव्य व दिव्य रूप से मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा भजन-संगीत के अनेकानेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। माननीय प्रबंधक महोदय व माननीया निदेशिका महोदया की गरिमामयी उपस्थिति बनी रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय प्रबंधक श्री सुरेंद्र प्रताप सिहंजी एवं माननीया निदेशिका श्रीमती अपर्णा सिंहजी के द्वारा जगतजननी माँ दुर्गा व मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन, स्तुति तथा आरती से हुआ।

कार्यक्रम की प्रस्तुति सर्वप्रथम शिक्षक-शिक्षिकाओं के द्वारा समवेत स्वर मे ‘श्री राम चंद्र कृपालु भजमन’ से हुई जिससे संपूर्ण परिसर भक्चि व संगीत से ओत-प्रोत हो गया। तत्पश्चात् ‘तेरा ऊँचा है भवन ’ की मनमोहक प्रस्तुति ने तो अद्भुत समाँ बांधी। पूरा परिसर आस्था व श्रद्धा के सागर में गोता लगाता रहा।

चैत्र रामनवमी के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए माननीय प्रबंधक श्री सुरेंद्र प्रताप सिंह ने अपने संक्षिप्त व सारगर्भित सम्बोधन में माँ दुर्गा के नौ रुपों में नारी के सम्पूर्ण व्यक्तित्त्व की झाँकी प्रस्तुत की। प्रेम, दया, ममता, करुणा, धैर्य, साहस, शक्ति, पराक्रम व त्याग ही नारी के सम्पूर्ण व्यक्तित्त्व की पराकाष्ठा है और यही नवदुर्गा के रूप में नवरात्रि का पावन-पर्व की उद्घोषणा है।

माननीया निदेशिका श्रीमती अपर्णा सिंहजी ने मर्यादा-पुरुषोत्तम श्रीराम के पावन चरित्र की व्याख्या करते हुए आज के विश्व-पटल पर श्रीराम की प्रासगिता अत्यधिक बढ़ गई है इस पर विशेष जोर दिया। आज जब सारा विश्व युद्ध, अशांति व भय के वातावरण में जीने को विवश है। समस्त मानवता, मर्यादा, न्याय, सत्य, सौम्यता व गंभीरता की प्रबल आवश्यकता है। विश्ववन्धुत्व प्रकृति व प्राणी-प्रेम ही समस्त समस्याओं का समाधान है। अहंकार व स्वार्थ का त्याग ही कल्याण का मार्ग है और श्रीराम का जीवन इन सभी मानवीय उच्च आदर्शों का समुच्चय है।

कार्यक्रम के विराट उद्देश्य की सार्थकता पर अपने सुविचार प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या आदरणीया श्रीमती वंदना सिंह जी ने अपने क्रांतिकारी उद्बोधन में माँ दुर्गा जी व भगवान श्रीराम जी की कृपा व आशीर्वाद विद्यालय व विद्यालय परिवार पर बना रहे। हम सब आगामी नवीन सत्र में अपने मर्यादित, संस्कारित,त्याग व समर्पण के भाव से अपने अपरिमित शक्तियों का संगमित आचरण करके विद्यालय की प्रगति व उन्नति का मार्ग प्रशस्त कर सकें यही कामना व प्रार्थना है के भाव व्यक्त किए।