दिल्ली कूच से पहले मिल्कीपुर के चार कांग्रेसी नेता हाउस अरेस्ट

-कांग्रेस नेता बोले- लोकतंत्र के लिए लड़ते रहेंगे
मिल्कीपुर-अयोध्या। दिल्ली में कांग्रेस के प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे मिल्कीपुर क्षेत्र के चार कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने बुधवार को उनके घरों पर हाउस अरेस्ट कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के चलते नेता दिल्ली के लिए रवाना नहीं हो सके। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब दिल्ली में कांग्रेस और विपक्षी दलों के नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं में पूर्वांचल प्रभारी, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के दिनेश शुक्ला, प्रदेश कोऑर्डिनेटर सोशल मीडिया शैलेंद्र पांडे, नगर पंचायत कुमारगंज कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं सभासद विकास सिंह विक्की तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य संजय तिवारी शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, सभी को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाना था। रवाना होने से पहले ही पुलिस उनके आवास पर पहुंच गई और उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया। इसके बाद वे दिल्ली नहीं जा सके। पीसीसी सदस्य संजय तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए अंग्रेजों के खिलाफ लड़ी और देश को आजादी दिलाई। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की रीढ़ है। उनका आरोप है कि एसआईआर के माध्यम से करोड़ों भारतीयों के वोट काटे गए हैं और जब कांग्रेस इस मुद्दे पर सवाल उठा रही है तो सरकार मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने का प्रयास कर रही है। संजय तिवारी ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र से जुड़े सवालों पर आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ हैं और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हाउस अरेस्ट की कार्रवाई से कांग्रेस नेता डरने वाले नहीं हैं और सरकार चाहे जितना प्रयास कर ले, पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।