कार में छिपाकर ले जा रहे थे 35 किलो गांजा, दुधारा पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा
हुंडई ऑरा कार से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद, 2,120 रुपये नकद भी मिले; गिरफ्तार आरोपितों में एक का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में दुधारा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर हुंडई ऑरा कार से तस्करी कर ले जाए जा रहे 35 किलोग्राम अवैध गांजे की खेप बरामद की है। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार और 2,120 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार सिंह और एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक उमाशंकर त्रिपाठी की संयुक्त टीम ने 25 नवंबर को छपिया छितौना स्थित साइन गोल्ड बेकरी के निकट वाहन जांच के दौरान कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, बीती रात क्षेत्र भ्रमण और वाहन जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति कार से गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने साइन गोल्ड बेकरी के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध हुंडई ऑरा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से रुकने का संकेत दिया तो चालक कार पीछे की ओर तेजी से भगाने लगा। हालांकि पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर उसमें से 35 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सैदा हुसैन उर्फ अच्छू पुत्र इफराक अहमद और मोहम्मद आदिल पुत्र निहाल अहमद, निवासी छपिया छितौना, थाना दुधारा के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपितों ने अधिक पैसे कमाने के लालच में गांजे की बिक्री करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस जांच में सैदा हुसैन उर्फ अच्छू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध दुधारा थाने में वर्ष 2020, 2021 और 2024 में मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2025 में मुंडेरवा थाने, जनपद बस्ती में एससी-एसटी अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
इस मामले में थाना दुधारा पर मुकदमा अपराध संख्या 453/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, नन्दा प्रसाद, हेड कांस्टेबल मोतीलाल यादव, प्रदीप सिंह विशेन, कांस्टेबल रंजन सिंह, सवदत्त तिवारी, रंजन राजभर और राधेश्याम गिरी शामिल रहे। एसओजी टीम का नेतृत्व प्रभारी उमाशंकर त्रिपाठी ने किया। टीम में धनन्जय श्रीवास्तव, विवेक राय, अनुप राय, अभिषेक सिंह, सर्वेश मिश्रा, दीपक सिंह, शुभम कुमार और विवेक मिश्रा शामिल रहे। सर्विलांस टीम से प्रभारी उपनिरीक्षक हरेन्द्र चौहान के साथ ज्ञान प्रकाश सिंह, अमरजीत मौर्य, नितिश कुमार और पियुष गुप्ता ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






Views Today : 20340
Who's Online : 11