रुधौली के सर्वोदय इंटर कॉलेज में वृहद रोजगार मेला आयोजित, 16 कंपनियों ने लिया हिस्सा
करीब 250 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग, 9 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय बस्ती एवं सर्वोदय इंटर कॉलेज नेवादा के संयुक्त तत्वावधान में रुधौली स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज परिसर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 16 प्रतिष्ठित कंपनियों ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए प्रतिभाग किया। इसमें लगभग 250 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लेकर रोजगार पाने के लिए साक्षात्कार दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रुधौली विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी एवं विशिष्ट अतिथियों विद्यालय प्रबंधक पंकज पटेल, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेंद्र प्रताप वर्मा तथा सहायक सेवायोजन अधिकारी अंजलि शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी ने कहा कि युवाओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। उन्होंने सेवायोजन कार्यालय के अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार देकर रोजगार प्राप्त करने का अच्छा अवसर मिला है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विशिष्ट अतिथियों ने भी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन मंडल के प्रयासों की सराहना की। जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेंद्र प्रताप वर्मा ने बताया कि रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है। अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार अलग-अलग कंपनियों के निर्धारित कक्षों में बायोडाटा के साथ साक्षात्कार देकर चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
मेले के दौरान विभिन्न कंपनियों में चयनित लगभग नौ अभ्यर्थियों को अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर वितरित किए गए। विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक बाबू राम वर्मा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ के साथ क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय बस्ती की ओर से प्लेसमेंट इंचार्ज प्रमोद कुमार, पंकज कुमार श्रीवास्तव, मोहम्मद वसीम खान, सतीशंकर मौर्य, राकेश राय, सुरेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






Views Today : 20316
Who's Online : 13