मतदाता पुनरीक्षण अभियान में बीएलए की तैनाती सुनिश्चित करें राजनीतिक दल : जिलाधिकारी
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को प्रभावी, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने पोलिंग स्टेशनों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की तैनाती सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में राजनीतिक दलों की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। बीएलए की सक्रिय भागीदारी से बूथ स्तर पर पात्र मतदाताओं की पहचान करने और मतदाता सूची को अद्यतन बनाने में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाने में सहयोग करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने, बूथ स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा मतदाता पंजीकरण के कार्य में सक्रिय सहयोग देने की अपेक्षा की।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम सुनंदू सुधाकरन, एडीओ ओम प्रकाश, वरिष्ठ सहायक पीयूष, प्रधान सहायक अजय पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






Views Today : 20319
Who's Online : 13