साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को मिली राहत, लालगंज पुलिस ने वापस कराए 50 हजार रुपये
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालगंज पुलिस की साइबर सेल टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति की पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित के खाते में ठगी के 50 हजार रुपये वापस करा दिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के सजनाखोर निवासी सीताराम पुत्र रामवेलास के साथ साइबर ठगों ने 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी। पीड़ित की शिकायत मिलने पर थाना लालगंज पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर संबंधित बैंक से पत्राचार किया।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने त्वरित विधिक एवं तकनीकी कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया और ठगी की पूरी धनराशि को लीन/होल्ड करा दिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय के आदेश के माध्यम से पीड़ित के बैंक खाते में पूरी 50 हजार रुपये की धनराशि वापस करा दी गई।
अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित सीताराम ने लालगंज पुलिस एवं साइबर सेल टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक बस्ती की साइबर अपराधों के प्रति विशेष रुचि और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से उन्हें उनकी धनराशि वापस मिल सकी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द चौधरी, साइबर सेल टीम प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक राधेश्याम प्रसाद, आरक्षी आकाशदीप एवं आरक्षी वीरेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लालगंज पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों की ठगी गई धनराशि वापस कराने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।






Views Today : 20337
Who's Online : 11