विधायक अंकुर राज तिवारी के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का भव्य स्वागत, नेदुला बाईपास पर उमड़ा जनसैलाब
हजारों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन, गगनभेदी नारों से गूंज उठा पूरा क्षेत्र
युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की रही बड़ी भागीदारी, विधायक अंकुर राज तिवारी स्वयं संभालते रहे स्वागत की कमान
जितेंद्र पाठक।
संतकबीरनगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के जनपद आगमन पर खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। विधायक अंकुर राज तिवारी के नेतृत्व में नेदुला बाईपास पर हजारों की संख्या में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों ने पुष्पवर्षा, फूल-मालाओं और गगनभेदी नारों के साथ प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान पूरा क्षेत्र भाजपा के नारों से गूंज उठा।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का काफिला जैसे ही गोरखपुर की ओर से नेदुला बाईपास पहुंचा, पहले से मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। बड़ी संख्या में जुटे लोगों के उत्साह और नारों के बीच प्रदेश अध्यक्ष का काफिला स्वागत स्थल पर पहुंचा। इस दौरान युवाओं से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। सड़क के दोनों ओर जुटे लोगों ने फूल बरसाकर और मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम की कमान स्वयं विधायक अंकुर राज तिवारी संभालते नजर आए। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। स्वागत स्थल पर उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। काफी देर तक बाईपास पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
अपने स्वागत से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण की सराहना की। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जनपद में संगठनात्मक प्रवास पर पहुंचे थे। नेदुला बाईपास पर स्वागत कार्यक्रम के बाद उनका काफिला भाजपा जिला कार्यालय के लिए रवाना हो गया। विधायक अंकुर राज तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली।






Views Today : 20314
Who's Online : 13