महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने अयोध्या दौरे के दौरान सुप्रसिद्ध सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहाँ उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी महाराज के चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों के कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर श्रृंगी ऋषि पीठाधीश्वर महंत हेमंत दास महाराज ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। पूजन अर्चन के पश्चात एक विशेष कार्यक्रम में महंत हेमंत दास महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हनुमान जी महाराज की भव्य प्रतिमा स्मृति चिह्न के रूप में प्रदान की। रामनामी शॉल ओढ़ाकर उन्हें आशीर्वाद एवं सम्मान दिया।
भक्ति और शिष्टाचार का संगम
दर्शन पूजन के दौरान मंदिर परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘बजरंग बली’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। महंत हेमंत दास महाराज ने मुख्यमंत्री को मंदिर की परंपराओं और श्रृंगी ऋषि पीठ की आध्यात्मिक गतिविधियों से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने भी संतों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए अयोध्या के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अयोध्या की पावन धरा पर संतों का सानिध्य और हनुमान जी महाराज का आशीर्वाद ही प्रदेश की प्रगति का आधार है।