राम वन गमन मार्ग पर स्कार्पियो पलटी: प्रतापगढ़ में 7 घायल , 2 की हालत गंभीर
प्रतापगढ़ में बुधवार को राम वन गमन मार्ग पर आज भोर में करीब चार एक एक्सयूवी कार पलट गई। इस हादसे में वाहन में सवार सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बाघराय ले जाया गया सीएचसी बाघराय में प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया गया। अन्य पांच घायलों का इलाज क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में जारी है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। यह दुर्घटना घने कोहरे के कारण मान्धाता से लालगोपालगंज की ओर जाते समय राम वन गमन मार्ग स्थित बूढ़ेपुर गेट के पास मोड़ पर हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, मोड़ पर प्रकाश व्यवस्था (स्ट्रीट लाइट) न होना हादसे का मुख्य कारण है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासन से इस स्थान पर लाइट लगाने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि इस मोड़ पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि यहां स्ट्रीट लाइट लगी होती तो शायद इस हादसे को टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने एक बार फिर उच्च अधिकारियों से इस खतरनाक मोड़ पर तत्काल प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे सड़क हादसों को रोका जा सके।