पचपोखरिया गांव में भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन, भाईचारे का दिया संदेश

पचपोखरिया गांव में भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन, भाईचारे का दिया संदेश

 

जिला पंचायत सदस्य अख्तर खान के नेतृत्व में हुआ कार्यक्रम, सभी समुदायों ने किया रोजा इफ्तार

 

ग्राम प्रधान अशफाक अहमद खान बोले – हमारे गांव की पहचान आपसी सौहार्द और एकता

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर: जनपद के पचपोखरिया गांव में मंगलवार शाम सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। यहां जिला पंचायत सदस्य अख्तर खान के नेतृत्व में भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। रमजान के पवित्र महीने में 20 रोजे पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न समुदायों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए और एक साथ बैठकर रोजा इफ्तार किया।

 

कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार शाम लगभग 6 बजे किया गया। इसमें रोजेदारों के साथ-साथ गांव के बुजुर्ग, युवा और बच्चे भी शामिल हुए। इफ्तार से पहले सभी रोजेदारों ने देश में अमन, शांति, भाईचारा और तरक्की के लिए सामूहिक दुआ मांगी। इसके बाद खजूर और अन्य पारंपरिक व्यंजनों के साथ रोजा खोला गया।

 

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अख्तर खान ने कहा कि रमजान का महीना इंसानियत, सेवा, त्याग और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उनका कहना था कि समाज तभी मजबूत बनता है जब सभी धर्मों और समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों और खुशियों में शामिल होकर प्रेम और सौहार्द का संदेश देते हैं।

 

कार्यक्रम में उपस्थित पचपोखरिया गांव के ग्राम प्रधान अशफाक अहमद खान ने बताया कि उनके गांव में हर वर्ष रमजान के 20 रोजे पूरे होने के बाद गांव के सभी लोगों के साथ मिलकर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में गांव के हर धर्म और समुदाय के लोग शामिल होते हैं और सभी एक ही दस्तरखान पर बैठकर इफ्तार करते हैं।

 

ग्राम प्रधान ने कहा कि उनके गांव की सबसे बड़ी पहचान आपसी भाईचारा और सौहार्द है। यहां किसी प्रकार का धार्मिक भेदभाव नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे गांव में हिंदू-मुस्लिम की दीवारें नहीं हैं, बल्कि सभी लोग एक परिवार की तरह रहते हैं और एक-दूसरे की खुशियों और त्योहारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।

इफ्तार पार्टी में शामिल लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं और नई पीढ़ी को भी एकता का संदेश देते हैं। कार्यक्रम के दौरान पूरे गांव में सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला और सभी लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी।

 

इस अवसर पर गांव के कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय निवासी और रोजेदार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर लोगों ने जिला पंचायत सदस्य अख्तर खान और ग्राम प्रधान अशफाक अहमद खान की सराहना की।