गणेश चौहान की अगुवाई में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का जोरदार स्वागत, 2027 की रणनीति पर हुआ मंथन

गणेश चौहान की अगुवाई में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का जोरदार स्वागत, 2027 की रणनीति पर हुआ मंथन

 

सेवा संकल्प अभियान में गरजे डिप्टी सीएम, टीबी मरीजों को पोषण पोटली और लाभार्थियों को बांटे आयुष्मान कार्ड

 

सुबखरी अस्पताल दिसंबर में होगा शुरू, बृजेश पाठक ने दिए निर्देश; गणेश चौहान ने गिनाईं क्षेत्र की विकास प्राथमिकताएं

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। जिले में आयोजित सेवा संकल्प अभियान चौपाल में पहुंचे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक का धनघटा विधायक गणेश चौहान की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया गया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की। साथ ही आयुष्मान कार्ड लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। रक्तदान करने वाले लोगों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इसके बाद डिप्टी सीएम ने सुबखरी अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अस्पताल को दिसंबर माह में चालू कराने के निर्देश दिए। अस्पताल शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

गणेश चौहान ने गिनाईं क्षेत्र की प्राथमिकताएं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धनघटा विधायक गणेश चौहान ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है। क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक ने कहा कि सुबखरी अस्पताल के शुरू होने से धनघटा क्षेत्र के लोगों को बड़ी स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए सरकार और संगठन के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए कार्यकर्ताओं से जनहित की योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सपा पर बृजेश पाठक का हमला

मंच से संबोधन के दौरान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा को गुंडों की पार्टी बताते हुए कहा कि उसके पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि चार-चार बार सरकार में रहने के बावजूद अयोध्या विकास के लिए तरसती रही।

उन्होंने अयोध्या की 14 कोसी परिक्रमा पर प्रतिबंध लगाए जाने का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान सनातन संस्कृति को लेकर तरह-तरह के आरोप लगाए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अयोध्या सहित पूरे प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

कार्यक्रम में धनघटा विधायक गणेश चौहान सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।