50 हजार का इनामी अपराधी गिरफ्तार: युवती के अपहरण और हत्या मामले में था फरार, कुंडा पुलिस ने दबोचा

50 हजार का इनामी अपराधी गिरफ्तार: युवती के अपहरण और हत्या मामले में था फरार, कुंडा पुलिस ने दबोचा

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के कुंडा थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय प्रिया जायसवाल के अपहरण और हत्या मामले में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी सत्यम मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। सत्यम मिश्रा पर पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में प्रयागराज आईजी ने बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया था।पुलिस के अनुसार, प्रिया जायसवाल को 22 दिसंबर 2025 को कुंडा क्षेत्र में उनके घर के पास से कार में बैठाकर अगवा किया गया था।

कई महीनों तक प्रिया के घर न लौटने पर परिजनों ने 8 फरवरी को कुंडा थाने में अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने ताजुद्दीनपुर की प्रधान अनिता शुक्ला के पति सज्जन शुक्ल और उनके साथी श्रवण को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने प्रिया की हत्या कर शव को गंगा में फेंकने की बात स्वीकार की। पुलिस ने युवती के कपड़े भी बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी सत्यम मिश्रा घटना के बाद से फरार था। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है और मामले की विवेचना नियमानुसार जारी है।