महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में आज रंगभरी एकादशी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी से संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य संत संजय दास महाराज के नेतृत्व में भगवान हनुमान के ‘निशान’ (प्रतीक चिह्न) की विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हनुमानगढ़ी से हुआ मंगलारंभ यात्रा का शुभारंभ हनुमानगढ़ी में बजरंगबली की विशेष आरती और पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात, गाजे-बाजे और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ हनुमान जी का निशान नगर भ्रमण पर निकला। इस दौरान पूरी अयोध्या नगरी अबीर-गुलाल और भक्ति के रंगों में सराबोर नजर आई। प्रमुख संतों की गरिमामयी उपस्थिति
इस आध्यात्मिक आयोजन में अयोध्या के प्रतिष्ठित संत समाज ने सहभागिता की। यात्रा में मुख्य रूप से श्री दिगपाल दास महाराज (मुख्य पुजारी) रमेश दास महाराज (मुख्य पुजारी) स्वामी देवेशाचार्य महाराज समेत अन्य प्रमुख पुजारी और बड़ी संख्या में नागा साधु व भक्त शामिल रहे। पंचकोसी परिक्रमा के साथ समापन यह विशाल यात्रा अयोध्या के विभिन्न मठ-मंदिरों से होकर गुजरी, जहाँ जगह-जगह हनुमान जी के निशान की आरती उतारी गई और पुष्प वर्षा की गई। परंपरा के अनुसार, यह यात्रा पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का अनुसरण करते हुए संपन्न हुई। महंत संजय दास महाराज ने इस अवसर पर कहा कि रंगभरी एकादशी से ही अयोध्या में होली के उत्सव की औपचारिक शुरुआत हो जाती है और यह निशान यात्रा शांति, सद्भाव और भक्ति का प्रतीक है।