समस्तीपुर के निखिल आनंद गिरी टी- 20 विश्व कप में आकाशवाणी के लिए कमेंट्री के लिए हुए चयनित
बिहार/समस्तीपुर (संवाददाता – प्रकाश कुमार राय) – जिले के सोनवर्षा चौक निवासी तथा पटना के मौलाना मज़हरुल हक़ अरबी फ़ारसी विश्वविद्यालय में पत्रकारिता विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. निखिल आनंद गिरि टी- 20 विश्व कप में आकाशवाणी की तरफ से आधिकारिक कमेंट्री के लिए चुने गए। डॉ. गिरि कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन में आगामी एक मार्च को भारत और वेस्ट इंडीज़ के बीच होने वाले सुपर 8 के अहम मुकाबले में आकाशवाणी पर आंखों देखा हाल सुनाएंगे। डॉ.निखिल आनंद गिरि ने अपनी मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई जामिया मिलिया इस्लामिया से पूरी की तथा देश के कई मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुके। वह एक बेहतरीन वॉयस ओवर आर्टिस्ट और मंच संचालक भी रहे हैं।
डॉ.निखिल आनंद गिरि ने विशेष बातचीत में बताया कि पिछले वर्ष आकाशवाणी द्वारा खेलों की कमेंट्री के लिए ऑडिशन लिए गए थे, जिसमें उन्हें कबड्डी और क्रिकेट के लिए चयनित किया गया। उन्होंने बताया कि वो दिल्ली मेट्रो में बतौर जनसंपर्क अधिकारी कई बड़े कार्यक्रमों में अपनी वक्तव्य तथा संचालन कर चुके हैं, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की पहली ड्राइवरलेस मेट्रो सेवा का शुभारंभ भी शामिल है। राष्ट्रपति भवन परिसर के अमृत उद्यान में भी आगंतुक उनकी आवाज़ लगातार सुनते आ रहे हैं। डॉ. निखिल आनंद गिरि के इस चयन पर सम्पूर्ण समस्तीपुर जिलावासी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष नीलम साहनी, सुनील कुमार गुप्ता, शशि कांत आनन्द, पूर्व जिलाध्यक्ष राम सुमरन सिंह, शम्भु कुमार गिरि, रोसड़ा विधायक वीरेंद्र पासवान, विधान पार्षद डॉ तरुण कुमार, चंद्रकांत चौधरी, प्रो. विजय शर्मा, मुकेश कुमार सिंह, विमला सिंह, सुनील राय, विष्णुदेव कुशवाहा, कृष्ण मोहन गुप्ता, श्याम पासवान, कुमारी मधुबाला, सुशील पासवान, नीरज चौधरी, राकेश राज,राम बालक कुशवाहा,वीरेंद्र यादव,संजय सिंह, पिंकी सिंह, प्रभा मालाकार, रंजीत कुशवाहा, प्रवीन कुमार आदि ने डॉ निखिल आनंद गिरि को बधाई दी।