इंडियन योग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश चैप्टर की गोष्ठी में प्रो. डॉ. नवीन सिंह सम्मानित
बस्ती। इंडियन योग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश चैप्टर द्वारा योग जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक विशेष गोष्ठी का आयोजन हेल्थ इज़ वेल्थ हॉलिस्टिक योग वेलनेस सेंटर, आशियाना लखनऊ में किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश में योग के व्यापक प्रसार और जन-जन तक पहुंचाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए आई वाई ए पूर्वी जोन के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. नवीन सिंह को गाय और बछड़े का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश चैप्टर के चेयरपर्सन पियूष कांत मिश्र ने कहा कि योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा—विशेषकर एक्यूप्रेशर—के क्षेत्र में विगत तीन दशकों से सक्रिय डॉ. नवीन सिंह ने प्रदेश में योग को प्रथम स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि योग दिवस पर आयुष मंत्रालय एवं इंडियन योग एसोसिएशन के तत्वावधान में डॉ. सिंह द्वारा किए गए कार्य सराहनीय और अनुकरणीय हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह ने हर जिले में योग की लहर पैदा कर गांव-गांव और घर-घर तक योग पहुंचाने का कार्य किया है। संगठन उनके प्रति आभार व्यक्त करता है। उन्होंने अपील की कि यदि पूरे उत्तर प्रदेश में ऐसे पांच समर्पित कार्यकर्ता और मिल जाएं तो योग के क्षेत्र में प्रदेश देश में अग्रणी बन सकता है। साथ ही उन्होंने सभी से इंडियन योग एसोसिएशन की सदस्यता लेकर इस अभियान को और सशक्त बनाने का आह्वान किया, ताकि स्वस्थ और निरोगी समाज का सपना साकार हो सके।
कार्यक्रम में सेंटर की डायरेक्टर डॉ शिखा गुप्ता ने बताया कि लखनऊ में योग पार्क के माध्यम से लोगों को योग एवं नेचुरोपैथी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंचतत्वों का संतुलन बनाए रखकर हम स्वस्थ एवं सुखद जीवन व्यतीत कर सकते हैं।
वहीं द पॉजिटिव हीलिंग के निदेशक डॉ नवजोत सिंह ने कहा कि प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर तथा योग को जीवनशैली में अपनाकर ही निरोगी जीवन संभव है।
कार्यक्रम में योग साधकों, चिकित्सकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही और सभी ने योग जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।