भव्य कलश यात्रा के साथ ग्राम मेहनौना में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
मेहनौना। ग्राम मेहनौना में सात दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
कलश यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए मनोरमा नदी के तट पर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाए। नदी तट पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद कथा स्थल पर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान हनुमान प्रसाद दूबे एवं सुमित्रा दूबे हैं । वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कथा का प्रारंभ हुआ।
कथा का वाचन आचार्य डॉ. महेश दास जी महाराज द्वारा किया जा रहा है। प्रथम दिवस उन्होंने श्रीमद्भागवत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए धुंधकारी प्रसंग का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि धुंधकारी अपने दुष्कर्मों के कारण प्रेत योनि में भटक रहा था, लेकिन उसके भाई गोकर्ण द्वारा कराई गई श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से उसे मोक्ष की प्राप्ति हुई। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने कहा कि भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन को पवित्र करता है और पापों से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करता है।
कथावाचक ने श्रद्धालुओं से सातों दिन श्रद्धा और एकाग्रता के साथ कथा श्रवण करने का आह्वान किया। आयोजन समिति के अनुसार कथा प्रतिदिन निर्धारित समय पर आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं कथा का आनंद ले रहे है।