डिस्ट्रिक्ट वर्किंग ग्रुप की द्वितीय बैठक सम्पन्न
परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी पर मंथन
बहराइच, 21 फरवरी। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में डिस्ट्रिक्ट वर्किंग ग्रुप की द्वितीय बैठक सीएमओ सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में परिवार कल्याण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का आयोजन मोबियस फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग तथा पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त प्रयास से ‘उम्मीद’ परियोजना के अंतर्गत किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि परिवार नियोजन तभी प्रभावी होगा जब इसमें पति-पत्नी दोनों की सक्रिय भागीदारी हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में परिवार नियोजन के सभी साधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और लोगों को जागरूक होकर उनका उपयोग करना चाहिए।
पुरुष सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्थापित कंडोम बॉक्स को नियमित रूप से सक्रिय एवं भरा रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पुरुषों के लिए सरल और सुलभ माध्यम है, जिससे वे बिना झिझक साधन प्राप्त कर सकते हैं।
सीएमओ ने अनचाहे गर्भ और असुरक्षित गर्भपात पर चिंता जताते हुए कहा कि लोग बचाव को गंभीरता से नहीं लेते, लेकिन गर्भ ठहरने के बाद गर्भपात को मजबूरी मानते हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते परिवार नियोजन अपनाया जाए तो गर्भपात की नौबत ही न आए। बार-बार गर्भपात से महिलाओं में पेल्विक इंफ्लेमेटरी डिजीज (पीआईडी) जैसी जटिलताओं का खतरा बढ़ता है, जिससे उनकी प्रजनन क्षमता और समग्र स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने एक नवाचारी सुझाव भी दिया कि जन्म प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर परिवार नियोजन संबंधी संक्षिप्त संदेश या हेल्पलाइन नंबर अंकित किए जाएं, ताकि जानकारी सीधे आमजन तक पहुंचे और उसका स्थायी प्रभाव पड़े।
बैठक में जनपद के प्रमुख स्वास्थ्य सूचकांकों की भी समीक्षा की गई, जिसमें बाल विवाह की दर 37.8 प्रतिशत और किशोर गर्भावस्था 8.4 प्रतिशत पर चिंता व्यक्त की गई। इन संकेतकों में सुधार के लिए सामुदायिक काउंसलिंग, नवविवाहित दंपतियों से संवाद और किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सशक्त करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. संतोष राना, डॉ. आरबी वर्मा, डीसीपीएम मो. राशिद, मोबियस फाउंडेशन के स्टेट प्रतिनिधि प्रभात कुमार, आरकेएसके से राकेश गुप्ता, यूपी टीएसयू से बृजभान यादव, पीएफआई के स्टेट प्रतिनिधि वीके जैन, जिला प्रतिनिधि रामबरन यादव, साफिया जमीर, समाज कल्याण विभाग से किशन लाल, शिक्षा विभाग से चंद्रेश पांडेय सहित सभी सीएचसी अधीक्षक, बीपीएम एवं बीसीपीएम उपस्थित रहे।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः