22 फरवरी को विधानसभा क्षेत्र नानपारा में आयोजित होगा विशेष अभियान दिवस
बहराइच । विधानसभा क्षेत्र 283-नानपारा की निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मोनालिसा जौहरी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सम्प्रति चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अन्तर्गत प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुपालन में 22 फरवरी, 2026 (रविवार) को विशेष अभियान संचालित किया जायेगा। अभियान दिवस पर समस्त बीएलओ अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर अर्ह मतदाताओं से दावें और आपत्तियां प्राप्त करेगें। जबकि सभी सुपरवाइजर और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर छूटे मतदाताओं का सत्यापन कर मतदाताओं के नाम बढ़ाने, नो मैपिंग तथा तार्किक विसंगतियों की श्रेणी से संबंधित मतदाताओं की सुनवाई भी करेंगे।
श्रीमती जौहरी ने बताया कि विशेष अभियान तिथि को अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के ऐसे पात्र व्यक्ति जिनका नाम अभी भी मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, वे अपना नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6 में आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त डुप्लीकेट, शिफ्टेड तथा मृतक मतदाताओं के नामों को कटवाने के लिए प्रारूप-7 तथा नाम या अन्य किसी विवरण में संशोधन कराने तथा एक ही विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के अन्तर्गत एक मतदेय स्थल से दूसरे मतदेय स्थल पर नाम स्थानान्तरित कराने के लिए फार्म-8 में आवेदन कर सकते हैं।
विशेष अभियान दिवस में ऐसे मतदाता जिन्हें नोटिस जारी हुई है वह भी मतदेय स्थलों पर जाकर अपनी सुनवाई बीएलओ के द्वारा करा सकते हैं। श्रीमती जौहरी ने समस्त नागरिकों का आहवान किया है कि इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठायें। उन्होंने बताया कि इस कार्य में बीएलओ के सहयोग के लिए आंगनवाड़ी, ग्राम रोजगार सेवक, ग्राम प्रधान, आशा, ग्राम विकास अधिकारी व अन्य ग्राम स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः