एसआर हॉस्पिटल एण्ड पैरामेडिकल कॉलेज नाथनगर में जीएनएम सत्र का शुभारंभ, डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने दी शुभकामनाएं

एसआर हॉस्पिटल एण्ड पैरामेडिकल कॉलेज नाथनगर में जीएनएम सत्र का शुभारंभ, डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने दी शुभकामनाएं

 

डायरी और पेन भेंट कर छात्र-छात्राओं को कहा गुड लक

 

तन्मयता, निष्ठा और कठिन परिश्रम से संवारे अपना करियर

 

अगले सत्र से बीएससी नर्सिंग कक्षाएं भी होंगी शुरू

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगरजिले के दक्षिणांचल क्षेत्र में स्थित इकलौते पैरामेडिकल संस्थान एसआर हॉस्पिटल एण्ड पैरामेडिकल कॉलेज नाथनगर में मंगलवार को जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) सत्र का विधिवत शुभारंभ हुआ। सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को डायरी और पेन भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके साथ ही एसआर ग्रुप दक्षिणांचल में जीएनएम कोर्स संचालित करने वाला पहला शैक्षणिक संस्थान बन गया है।

 

ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं संस्थान के संस्थापक स्व. पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, एसआर एकेडमी के डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय, जीपीएस कॉलेज के प्राचार्य सीपी श्रीवास्तव, बीटीसी कॉलेज के प्राचार्य बीएम वर्मा तथा पैरामेडिकल कॉलेज के प्राचार्य विनय पटेल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

मुख्य अतिथि डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि उनका संस्थान नौनिहालों की बुनियाद को तराशने के साथ ही उनके करियर को बुलंदी प्रदान करने के लिए संकल्पित है। केजी से लेकर पीजी, बीएड, बीटीसी, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, बी फार्मा और डी फार्मा जैसे पाठ्यक्रमों का संचालन समर्पित भाव से किया जा रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पूरी तन्मयता, निष्ठा और कठिन परिश्रम के साथ आज से ही अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें।

 

जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव ने ग्रामीण क्षेत्र में जीएनएम कोर्स के शुभारंभ के लिए डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी एवं पूर्व प्रमुख राकेश चतुर्वेदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे कड़ी मेहनत कर अपने अभिभावकों की उम्मीदों को नई ऊंचाई दें।

 

एसआर इंटरनेशनल एकेडमी के डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि कॉलेज में शिक्षा का उत्कृष्ट माहौल और प्रैक्टिकल के आधुनिक संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले शैक्षणिक सत्र से कैंपस में बीएससी नर्सिंग की कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी।

 

पैरामेडिकल कॉलेज के प्राचार्य विनय पटेल ने तीन वर्षीय जीएनएम पाठ्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर पीजी कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, राम ललित, शिक्षिका अनु वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ शिक्षक हरिश्चंद्र यादव ने कार्यक्रम का संचालन किया।

कार्यक्रम में रिंकू ओझा, शंकर यादव, सुभाष तिवारी सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।