ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर: पत्नी की मौत, पति घायल; ट्रक छोड़कर चालक फरार हुआ
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ में एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला के पति विनय शुक्ला उर्फ पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है। यह घटना प्रतापगढ़ के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखपाल नगर तिराहे के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दंपती मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिर गई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक महिला के शव को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, घायल पति विनय शुक्ला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है, लेकिन उसका चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश कर रही है। कोतवाली देहात पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर जाम भी लगा रहा।