बस्ती। 13 नवंबर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवडकर ने बस्ती रेलवे स्टेशन परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। स्टेशन परिसर में बंदरों के आतंक से यात्रियों को हो रही परेशानी के सवाल पर उन्होंने कहा कि तीनों मंडलों में जिन रेलवे स्टेशनों पर खाली जगह उपलब्ध है, वहां बगीचा विकसित किया जाएगा। इससे स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण भी होगा और बंदरों की समस्या से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बस्ती रेलवे स्टेशन पर भविष्य में होने वाले बड़े बदलावों के संबंध में उन्होंने बताया कि स्टेशन पर छह मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा। इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने बताया कि फुट ओवरब्रिज का निर्माण अगले वर्ष के मध्य तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वहीं, स्टेशन पर पार्किंग की समस्या को लेकर महाप्रबंधक ने कहा कि वर्तमान में उपलब्ध कराई गई पार्किंग की जगह पर्याप्त नहीं है। इसके लिए जगह में बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में पार्किंग की व्यापक व्यवस्था हो सके। और यात्रियों को लाभ मिल सके।