स्वर्गीय राममूर्ति यादव की स्मृति में आयोजित विराट दंगल में अंजू चौहान ने महिला पहलवानों का बढ़ाया उत्साह
संतकबीरनगर।धनघटा विधानसभा क्षेत्र 314 के मुखलिसपुर स्थित पुराने बस अड्डा परिसर में स्वर्गीय राममूर्ति यादव की पुण्य स्मृति में आयोजित विराट दंगल प्रतियोगिता भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी की महिला प्रदेश सचिव एवं धनघटा विधानसभा 314 की भावी प्रत्याशी अंजू चौहान विशेष रूप से कार्यक्रम में पहुंचीं और महिला पहलवानों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।दंगल प्रतियोगिता में प्रदेश व आसपास के जनपदों से आए नामी-गिरामी महिला व पुरुष पहलवानों ने अपने दांव-पेंच से दर्शकों का मन मोह लिया। महिला पहलवानों की कुश्ती को दर्शकों ने खूब सराहा। अंजू चौहान ने महिला पहलवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, कुश्ती जैसे परंपरागत खेल में महिलाओं की भागीदारी समाज के लिए गर्व की बात है।उन्होंने स्वर्गीय राममूर्ति यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सामाजिक योगदान सदैव याद किया जाएगा। इस तरह के आयोजन न केवल हमारी ग्रामीण खेल संस्कृति को जीवंत रखते हैं बल्कि युवा पीढ़ी को भी सकारात्मक दिशा देते हैं। समाजवादी पार्टी सदैव खिलाड़ियों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के सम्मान व सशक्तिकरण के लिए कार्य करती रही है।
दंगल आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजकों द्वारा आए हुए अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था व अनुशासन बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विराट दंगल प्रतियोगिता क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही और देर शाम तक दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही।