युवा संघ उत्तर प्रदेश ने पदक विजेता खिलाड़ियों व प्रशिक्षक को किया सम्मानित
शक्ति शरण उपाध्याय
बस्ती। युवा संघ उत्तर प्रदेश द्वारा विगत दिनों राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षक को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया कार्यक्रम में नेशनल इंटर कॉलेज के छात्र आदर्श वर्मा को राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में उत्तर प्रदेश की खो-खो टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतने पर सम्मानित किया गया।
वहीं अंशिका को उत्तर प्रदेश की बालिका खो-खो टीम का प्रतिनिधित्व कर रजत पदक प्राप्त करने पर सम्मान मिला। इसके अलावा विद्यालय की छात्रा काजल यादव को राज्यस्तरीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल करने पर सम्मानित किया गया।युवा संघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप तिवारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर अन्य विद्यार्थियों को भी खेल प्रतिस्पर्धाओं में आगे आना चाहिए और अपने माता-पिता, विद्यालय, गांव तथा देश का नाम रोशन करना चाहिए।कार्यक्रम में युवा संघ के संस्थापक यशवंत पाण्डेय, संरक्षक डॉ. यश कुमार, अभिषेक कसौधन, संगठन संयोजक करुणेश मणि पाठक, युवा संघ के अजय ओझा, राजवंत पांडे सहित संगठन के तमाम साथी उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद प्रकाश वर्मा एवं अन्य शिक्षकगण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।