पुलिस लाइन में आदेश कक्ष का उद्घाटन: एसपी दीपक भूकर ने शुरुआत की, प्रशासनिक नियंत्रण, दिशा-निर्देशन में आएगी तेजी

पुलिस लाइन में आदेश कक्ष का उद्घाटन: एसपी दीपक भूकर ने शुरुआत की, प्रशासनिक नियंत्रण, दिशा-निर्देशन में आएगी तेजी

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने आदेश कक्ष के सौंदर्यीकरण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्मित और सौंदर्यीकृत आदेश कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशासनिक गतिविधियों को अधिक सुव्यवस्थित, आधुनिक, प्रभावी और तकनीक-सुसज्जित बनाने की दिशा में किए गए कार्यों की सराहना की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आदेश कक्ष किसी भी जिले की पुलिस व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र होता है। यहीं से प्रशासनिक नियंत्रण, दिशा-निर्देशन और समीक्षा जैसे कार्य संचालित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण और संरचनात्मक सुधार से न केवल कार्य-परिस्थितियां बेहतर होंगी, बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता, अनुशासन तथा समन्वय में भी सकारात्मक वृद्धि होगी। एसपी भूकर ने निर्देश दिए कि आदेश कक्ष को हमेशा स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सक्रिय रखा जाए। इसका उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक समन्वय को और अधिक मजबूत करना है। उद्घाटन के बाद आदेश कक्ष में औपचारिक रिपोर्टिंग (O.R.) की गई और विभागीय अभिलेखों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान लंबित मामलों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।