राजा भइया ने कराया निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन: पहले चरण में 304 मरीजों की जांच, 117 ऑपरेशन के लिए चुने गए

राजा भइया ने कराया निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन: पहले चरण में 304 मरीजों की जांच, 117 ऑपरेशन के लिए चुने गए

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह (राजा भइया) द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर सोमवार को शुरू हुआ। यह शिविर राजा भइया यूथ ब्रिगेड और योगीराज देवरहा बाबा चैरिटेबल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के संयोजन में चार चरणों में आयोजित किया जा रहा है। शिविर का पहला चरण कुंडा विकास खंड के सीएचसी हथिगवां में आयोजित हुआ। इसका उद्घाटन पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. के.एन. ओझा ने किया। इस चरण में कुल 304 मरीजों की जांच की गई, जिनमें 176 महिलाएं और 128 पुरुष शामिल थे। जांच के बाद 117 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चुना गया, जिनमें 79 महिलाएं और 38 पुरुष हैं। इन चयनित मरीजों को बजरंग महाविद्यालय, कुंडा लाया गया है, जहां मंगलवार को सीएचसी कुंडा में उनके निःशुल्क ऑपरेशन किए जाएंगे। इस अवसर पर डॉ. के.एन. ओझा ने कहा कि नेत्रज्योति प्रदान करना एक महत्वपूर्ण कार्य है, जो जरूरतमंदों के जीवन में नई रोशनी लाता है। राजा भइया के प्रतिनिधि हरीओम शंकर श्रीवास्तव ने बताया कि नेत्र जांच, दवाइयां, ऑपरेशन और ऑपरेशन के बाद की देखभाल पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी दिनों में बिहार, बाबागंज और कालाकांकर विकास खंडों में भी इसी तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर यादव, ब्लॉक प्रमुख कुंडा संतोष सिंह, बिहार रामचंद्र सरोज, बाबागंज रामयश सरोज, कालाकांकर रमेश सरोज, जिला पंचायत सदस्य बब्लू सिंह, विनोद पटेल, विजय पटेल, चेयरमैन डेरवा कुंवर बहादुर पटेल, पूर्व प्रमुख डब्बू सिंह, विजय पांडेय, राकेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। नेत्र परीक्षण कार्य में सुरेंद्र कुमार, नंदन, पीयूष यादव, मायावती पांडेय, तौफीक अहमद, राजीव वर्मा, शिवेंद्र श्रीवास्तव, प्रशांत पाल, शमशेर और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। मरीजों और उनके परिजनों ने बेहतर व्यवस्था तथा निःशुल्क उपचार के लिए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।