बहराइच में यूपी स्टेट अंडर-15 व अंडर-19 बैडमिंटन टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

बहराइच में यूपी स्टेट अंडर-15 व अंडर-19 बैडमिंटन टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

 

अंडर-15 में लोनीबेन पावे और अंडर-19 में शिवम यादव बने स्वर्ण पदक विजेता

 

बहराइच, 20 दिसम्बर।

डिस्ट्रिक्ट ओलम्पिक एसोसिएशन के तत्वावधान में स्वर्गीय मदन लाल अग्रवाल की स्मृति में आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय यूपी स्टेट अंडर-15 व अंडर-19 बॉयज़ एवं गर्ल्स बैडमिंटन टूर्नामेंट-2025 में प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

 

इंदिरा स्टेडियम स्थित इनडोर बैडमिंटन हॉल में शनिवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

 

आज के मुकाबलों के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि करनवीर सिंह, महिला महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर प्रिया मुखर्जी तथा बाराबंकी से पधारी एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दीपा वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

 

करनवीर सिंह ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं।

 

प्रोफेसर प्रिया मुखर्जी ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं व खासतौर पर बालिकाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं।

 

डॉ. दीपा वर्मा ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

 

ओलम्पिक एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष मल्होत्रा एवं सचिव मनोज गुप्ता ने बताया कि रविवार 21 दिसम्बर को सभी स्पर्धाओं के समापन के पश्चात भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद आनंद कुमार गोंड होंगे, जबकि विधायक सुभाष त्रिपाठी, एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी तथा पूर्व विधायक/एमएलसी अरुण वीर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

 

विशेष मैच कंट्रोलर ए. आर. अंसारी ने बताया कि अंडर-15 बालक एकल वर्ग के संघर्षपूर्ण फाइनल में लखनऊ के लोनीबेन पावे ने लखनऊ के ही अभय रस्तोगी को 21-17, 21-16 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

वहीं अंडर-19 बालक एकल वर्ग के फाइनल में लखनऊ के शिवम यादव ने नीतेश ठाकुर को 21-17, 21-16 से हराकर राज्य स्तरीय खिताब जीता।

 

अन्य मुकाबलों के प्रमुख परिणाम

 

अंडर-19 बालक डबल्स क्वार्टर फाइनल में लखनऊ की जोड़ी नीतेश ठाकुर एवं शिवम यादव ने अयोध्या की जोड़ी अभिनव गुप्ता व अभिनव शर्मा को 15-6, 15-5 से हराया।

बहराइच के अश्विन भास्कर व शौर्य भास्कर ने बरेली की जोड़ी बिक्रमजीत सिंह व गर्व भाटिया को 15-11, 15-11 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

 

सेमीफाइनल में नीतेश ठाकुर व शिवम यादव की जोड़ी ने बहराइच के अश्विन व शौर्य को 21-13, 21-19 से हराया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में आयुष मिश्र (अयोध्या) व प्रशांक पाठक (आजमगढ़) की जोड़ी ने लखनऊ की जोड़ी आगा अब्बास व शिवम जोशी को हराकर फाइनल में स्थान बनाया।

 

अंडर-15 बालक डबल वर्ग में बहराइच के अश्विन व शौर्य ने लखनऊ की जोड़ी अमान खान व सनत वर्मा को 15-12, 16-14 से हराया।

इसी वर्ग में झांसी की जोड़ी पार्थ आनंद व श्लोक राज तथा लखनऊ की जोड़ी दिव्यांश कनौजिया व हर्षित यादव ने भी जीत दर्ज की।

 

अंडर-15 बालक एकल सेमीफाइनल में लोनीबेन पावे व अभय रस्तोगी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।

 

बालिका वर्ग में भी दिखा शानदार खेल

 

अंडर-15 बालिका डबल सेमीफाइनल में बहराइच की अरुणिमा यादव व रिधिमा यादव की जोड़ी ने फाइनल में जगह बनाई।

अंडर-15 बालिका एकल वर्ग में मीगान प्रकाश व अरुणिमा यादव तथा अंडर-19 बालिका एकल वर्ग में प्रियंका गौतम व मीगान प्रकाश ने फाइनल में प्रवेश किया।

 

ओलम्पिक एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष मल्होत्रा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना और खेल संस्कृति को मजबूत करना है।

 

ओलम्पिक एसोसिएशन सचिव मनोज गुप्ता ने कहा कि बहराइच जैसे जिले में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने वाला है। उन्होंने बताया कि आयोजन में सभी तकनीकी व्यवस्थाएं यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन के मानकों के अनुरूप की गई हैं तथा खिलाड़ियों की सुविधा और निष्पक्ष प्रतियोगिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस बार हम पुरूष वर्ग के सुपर सीनियर खिलाड़ियों की प्रतियोगिता भी करा रहे हैं, जिसमें 70 वर्ष उम्र तक के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

 

फाइनल मुकाबलों और पुरस्कार वितरण समारोह को लेकर खिलाड़ियों व दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।