‘‘खेत की बात खेत पर’’ ,किसान पाठशाला कार्यक्रम में शामिल हुई एमएलसी डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी।
बहराइच 18 दिसम्बर। विकास खण्ड चित्तौरा अन्तर्गत ग्राम पंचायत सोहरवा में प्रगतिशील कृषक श्री लालता प्रसाद गुप्ता के खेत पर सदस्य विधान परिषद बहराइच एवं श्रावस्ती डॉ0 प्रज्ञा त्रिपाठी जी की अध्यक्षता में ‘‘खेत की बात खेत पर’’ ,किसान पाठशाला आयोजित हुई। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि विनय कुमार वर्मा ,जिला उद्यान अधिकारी दिनेश चौधरी ,उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कैसरगंज शिशिर कुमार वर्मा , वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप ए सुधाकर शुक्ला ,वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप बी गणेश दत्त शर्मा, किसान पाठशाला प्रभारी सर्वेश कुमार, पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सा अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिला एवं पुरूष कृषक मौजूद रहे।
किसान पाठशाला का शुभारंभ करते हुए मा. डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी जी ने कहा कि किसान केन्द्र व राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता हैं। हमारी सरकार द्वारा किसानों के हितार्थ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सोलर पंप, नेचुरल फार्मिंग, कृषि यंत्रीकरण, बीज वितरण के साथ साथ अन्य योजनाएं संचालित कर डीबीटी के माध्यम से कृषकों अनुदान का लाभ दे रही है। इसके अतिरिक्त कृषक उत्पादक संगठनों को भी व्यापक स्तर पर बढ़ावा दिया जा रहा है।
किसानों को राजकीय कृषि बीज भंडारों के माध्यम से 50 प्रतिशत अनुदान काटकर सीधे किसानों को बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। रबी 2025-26 में दलहनी एवं तिलहनी फसलों के 11850 मिनीकिट का निःशुल्क वितरण कराकर जनपद में दलहनी एवं तिलहनी फसलों के अच्छादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। डॉ0 प्रज्ञा त्रिपाठी ने जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की योजना की तारीफ करते हुए कहा कि इस योजना से जिले के किसानों को शुद्ध भोजन तथा शुद्ध पर्यावरण तथा भूमि की भौतिक स्थिति सुदृढ़ होगी । उप कृषि निदेशक बहराइच विनय कुमार वर्मा ने बताया जिले में आत्मा योजना के अंतर्गत प्रति ब्लाक 40-40 कुल 560 तथा 28 फार्म स्कूल चयनित कर किसानों के प्रक्षेत्र पर प्रदर्शन आयोजित कराए जा रहे हैं। सभी किसानों को निशुल्क बीज एवं कृषि निवेश उपलब्ध कराए गए हैं । जिन्हें खरीफ एवं रबी में प्रति कृषक रू. 4000 की सहायता डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जा रही है। योजना के अंतर्गत 240 कृषि सखी सीआरपी को जोड़ा गया है जो अपने-अपने ग्राम पंचायत में प्राकृतिक खेती क्लस्टर का गठन कर किसानों को प्राकृतिक खेती करने हेतु जागरूक कर रहे हैं।
जनपद के 184 कृषकों द्वारा ऑनलाइन सोलर पम्प बुक किए गए हैं जिनकी बुकिंग कंफर्म कर दी गई है। किसान पाठशाला गोष्ठी में मौजूद वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष कृषि विज्ञान केंद्र बहराइच डॉक्टर सीपीएन गौतम वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर शैलेंद्र सिंह ने किसानों को फसल उत्पादन तथा मशरूम उत्पादन की जानकारी दी ।उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी शिशिर कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में किसानों की आय बढ़ाने के लिए 91 कृषक उत्पादक संगठन गठित कराए गए हैं, जो अपनी आय वृद्धि हेतु अच्छा कार्य कर रहे हैं। जनपद के कृषकों को 40 से 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि यंत्र फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर, सिंगल यंत्रों का वितरण ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया के तहत कराया जा रहा है जिसका अनुदान सीधे किसान के खाते के माध्यम से भेजा जा रहा है ।
गोष्ठी के दौरान ग्राम सोहरवा के प्रगतिशील कृषक लालता प्रसाद गुप्ता ने बताया कि हमने एफपीओ गठित किया है। विस्तृत पैमाने पर सब्जी, केला, अमरूद शिमला मिर्च तथा मत्स्य उत्पादन की खेती कर अच्छी आमदनी कर रहे हैं। इस पर माननीय सदस्य विधान परिषद डॉ0प्रज्ञा त्रिपाठी ने श्री लालता प्रसाद गुप्ता द्वारा कराए जा रहे कार्यों की सराहना की ।
किसान पाठशाला गोष्ठी के उपरांत डॉ0 त्रिपाठी ने कृषकों के प्रक्षेत्र भ्रमण के दौरान कृषक लालता प्रसाद गुप्ता द्वारा बोई गई फसलों का अवलोकन कर कृषक लालता प्रसाद गुप्ता द्वारा किये जा रहे अनुकरणीय कार्यों तथा कृषकों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर कृषि विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की गई।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः